सम्पादक-कमलेश त्रिवेदी की खबर
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भाजपा महापौर प्रत्याशी संजय पाण्डे एवं पार्षद प्रत्याशियों के लिये जनता से मांगा समर्थन
जगदलपुर। नगरीय निकाय चुनाव में जगदलपुर का किला जीतने के लिये भारतीय जनता पार्टी हर संभव प्रयास कर रही है। शनिवार को मुख्यमंत्री विष्णदेव साय का भव्य रोड-शो जगदलपुर शहर में आयोजित हुआ। जहां भाजपा पार्षद प्रत्याशियों, कार्यकर्ताओं, विभिन्न समाजों एवं संस्थाओं के द्वारा जगह-जगह मुख्यमंत्री साय का स्वागत-अभिनंदन किया गया। जगदलपुर नगर निगम के भाजपा महापौर प्रत्याशी संजय पाण्डे के पक्ष में प्रचार करने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का रोड-शो एयरपोर्ट के समक्ष माडिया चौक से शुरू हुआ। जहां कुम्हारपारा रोड, शहीद पार्क, झंकार टाकीज, सिटी कोतवाली, स्टेट बैंक चौक, महावीर चौक, नावेल्टी चौक, मेन रोड, गोल बाजार चौक, सिरहासार चौराहे से मुख्यमंत्री श्री साय के रोड-शो का काफिला गुजरा। इस दौरान माई दंतेश्वरी मंदिर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने माथा टेक पूजा अर्चना की एवं प्रदेश सहित बस्तरवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की।
रोड-शो गुरुनानक चौक, संजय मार्केट, हनुमान मंदिर चौराहा से होते हुए चाँदनी चौक में संपन्न हुआ।

इस अवसर पर महापौर प्रत्याशी संजय पाण्डे ने भी जनता से समर्थन रूपी आशीर्वाद की अपील की।
समापन के दौरान बस्तर सांसद महेश कश्यप ने आभार व्यक्त किया।
