सफाई कर्मचारियों की बैठक लेकर स्वच्छता व विकास पर जोर
जगदलपुर: महापौर पद का कार्यभार संभालने के बाद से ही संजय पाण्डे का स्वागत कार्यक्रम लगातार जारी है। समर्थकों का तांता उनके निवास और नगर निगम कार्यालय पर लगा हुआ है। इस व्यस्तता के बावजूद महापौर ने नगर निगम कार्यालय में सफाई कर्मचारियों की महत्वपूर्ण बैठक ली और शहर के चहुंमुखी विकास का वादा किया।
बैठक में महापौर ने सफाई कर्मचारियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि स्वच्छता अभियान को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने अनुपस्थित कर्मचारियों को शो-काज नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए। यह बैठक उनके महापौर बनने के बाद पहली महत्वपूर्ण बैठक मानी जा रही है।

संजय पाण्डे ने कहा, “शहर में सुबह और शाम दोनों समय कचरा संग्रहण किया जाएगा। सफाई कर्मचारियों को अपने कार्य में कसावट लाने की जरूरत है। विशेष रूप से मेन रोड पर सफाई अभियान चलाया जाएगा।”
महापौर ने वन-टू-वन चर्चा के माध्यम से शहर की सफाई व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने पार्षदों से अपने-अपने वार्डों में सक्रियता बढ़ाने की अपील की और जनता के सुझावों को विकास कार्यों में शामिल करने का आश्वासन दिया।
संजय पाण्डे ने कहा, “जनता का उत्साह ही हमारी सबसे बड़ी शक्ति है। भाजपा की सरकार कार्यकर्ताओं की मेहनत से बनी है, अब हमें जनता की उम्मीदों पर खरा उतरना है। सभी पार्षदों के साथ मिलकर शहर के विकास के लिए काम करेंगे।”
बैठक में पार्षद पितामह नायक, हरीश पारख, हेमंत श्रीवास, दरोगा, मेट सहित सफाई कर्मचारी उपस्थित रहे। महापौर ने दरोगाओं को सफाई व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
