बस्तर, 4 जून 2025:बस्तर जिले में राजस्व विभाग में लगातार बढ़ते भ्रष्टाचार और प्रशासनिक अनियमितताओं के खिलाफ बस्तर जिला युवा कांग्रेस ने मंगलवार को कड़ा विरोध जताया।
जिलाध्यक्ष अजय बिसाई के नेतृत्व में युवा कांग्रेस ने जिला कलेक्टर के नाम एक ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा, जिसमें कई गंभीर आरोपों के साथ ठोस कार्यवाही की मांग की गई।
जिलाध्यक्ष अजय बिसाई ने कहा कि राजस्व विभाग के अधिकारियों द्वारा प्रभावशाली व्यक्तियों को फायदा पहुंचाने के लिए आम जनता को नजरअंदाज किया जा रहा है।
पटवारी और राजस्व निरीक्षक स्तर के अधिकारी सामान्य जनता के कार्यों को अनदेखा कर रहे हैं, जिससे नागरिकों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं।
प्रमुख आरोप और मुद्दे:
1. भ्रष्टाचार और अवैध वसूली:साइट विजिट के नाम पर ₹5000 और नक्शा प्रमाणन के लिए ₹10,000 तक की अवैध वसूली।डाइवर्टेड भूमि बेचने की अनुमति में तीन माह की देरी और ₹40,000-₹50,000 की अवैध मांग।
2. अवैध प्लाटिंग पर प्रशासन की चुप्पी:पूरे जिले में अवैध प्लाटिंग धड़ल्ले से जारी, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी निष्क्रिय।न तो दलालों पर कार्रवाई हो रही, न ही खरीदारों को किसी प्रकार की चेतावनी दी जा रही।
3. भू-माफियाओं का बोलबाला:पुराने पट्टों में हेरफेर कर जमीन की कीमतों में 25-40% तक की बढ़ोतरी।हजारों एकड़ सरकारी भूमि भू-माफियाओं के कब्जे में, जिसकी जांच कर भूमि को सरकार को लौटाया जा सकता है।
युवा कांग्रेस की प्रमुख मांगें:राजस्व विभाग में उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच।अवैध प्लाटिंग पर तत्काल रोक और दोषियों पर कार्रवाई।जनता के अधिकारों की रक्षा हेतु पारदर्शी प्रक्रिया।भू-माफियाओं पर शिकंजा कस कर सरकारी भूमि की वापसी।
युवा कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो जिला स्तर पर व्यापक जन आंदोलन किया जाएगा।
ज्ञापन सौंपते समय युवा कांग्रेस के कई प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहे-जनपद सदस्य बस्तर व युवा कांग्रेस प्रदेश महासिचव सूरज कश्यप, प्रदेश युवा कांग्रेस सचिव विक्रांत सिंह(बिंकु),पंचायत प्रतिनिधि आसना एवं मिडिया विभाग जिला समन्वयक रोहित पाणिग्राही,प्रदेश सचिव महिला कांग्रेस साइमा अशरफ,पार्षद शुभम यदु, जिला महासिचव युवा कांग्रेस लव मिश्रा, प्रदेश महासिचव एनएसयूआई मनोहर सेठिया, युवा कांग्रेसी लव पांडेय,युवा नेता अंकित सिंह,एनएसयूआई नेता कर्तव्य आचार्य, खिरेंद्र यादव, निहाल सिंह ठाकुर, प्रशांत कुमार आदि उपस्थित रहे…
